चक्रवाती तूफान का अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (छत्तीसगढ़): बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवात तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने, राहत एवं बचाव की तैयारियां पूरी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम संबंधी चेतावनियों के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। चक्रवाती तूफान के आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ में भी इसका प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: चित्रकूट में आज और कल भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग का अलर्ट
संभावित भारी बारिश को देखते हुए नारायणपुर जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। दंतेवाड़ा और कोण्डागांव में भी 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
बस्तर जिले में चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है और इंद्रावती, मार्कण्डी तथा नारंगी नदियों के निचले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने राहत शिविर तैयार करने के साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से बचाव कार्यों की तैयारी की है।
धमतरी जिले में रविशंकर सागर बांध यानी गंगरेल सहित अन्य जलाशयों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पानी की आवक बढ़ने पर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है। किसानों को धान की कटाई फिलहाल स्थगित करने और फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम : हरियाणा समेत 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट









