चक्रवाती तूफान अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (मुरादाबाद): गुलाबी सर्दी में तापमान के लगातार बने उतार चढ़ाव के बीच मौसम के मिजाज को तेजी से बदलने का सबब अब समुद्री तूफान बनेगा। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से यूपी के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ेगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में तीन दिन भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग की तरफ से जाहिर की गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अत्यधिक बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के पूर्वी जिलों में समुद्री तूफान अर्नब का असर बुधवार देर शाम से दिखाई देना शुरू हो सकता है। बुधवार से शुक्रवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में चक्रवात अर्नब का असर, 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद
गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है वहीं, मुरादाबाद समेत पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में समुद्री तूफान अर्णव का मौसम पर थोड़ा असर गुरुवार और शुक्रवार को दिखाई दे सकता है।
तूफान के असर से आसमान पर बादल छाएंगे। तेज हवा चलेगी।
कहीं हल्की बारिश जबकि, कहीं कहीं बूंदाबांदी होने के आसार हैं। जिसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्नब’ का बड़ा खतरा: राहत और बचाव के लिए NDRF की 31 टीमें तैनात
अभी, देर रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। दिन के समय तेज धूप के साथ गर्मी बनी हुई है।
तूफान के प्रभाव से मौसम में आने वाले बदलाव के चलते दो से तीन दिनों तक दिन के तापमान में गिरावट आएगी उससे दिन के समय भी गुलाबी ठंड का एहसास शिद्दत से होगा।








