फुकेत बाढ़, मौसम ब्रेकिंग (बैंकॉक): थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल फुकेत द्वीप के कई इलाकों में रातभर हुई भारी बारिश के बाद सोमवार को अचानक बाढ़ आ गई। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है कि फुकेत के तीनों जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और दक्षिणी द्वीपीय प्रांत के इन इलाकों में प्रांतीय राजधानी फुकेत शहर भी शामिल है।
प्रांत के उप-गवर्नर रोमडोन हाइयावाए ने बताया कि सोमवार सुबह के बाद पानी का स्तर घटने लगा था, लेकिन निचले इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है। इन इलाकों में छोटे वाहनों को जाने से बचने की सलाह दी गई है, जबकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रांत के कुछ हिस्सों में भूस्खलन भी हुआ है।
अधिकारी मलबा हटाने में जुटे हैं ताकि वह नहरों में न गिरे और जलमार्गों में रुकावट पैदा न करे।
यह भी पढ़ें: थाईलैंड में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से फुकेत द्वीप के बड़े इलाके जलमग्न
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुसता और सड़कों पर भरता दिखाई दे रहा है। पानी भरने से कई सड़कें आवागमन के लिए बंद हो गईं और बाढ़ के बाद जमा मिट्टी तथा पत्थरों के ढेर में वाहन आंशिक रूप से दबे हुए भी नजर आए।
रोमडोन ने बताया कि बाढ़ से करीब 100 परिवार प्रभावित हुए हैं और गनीमत यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
थाईलैंड के मौसम विभाग ने दक्षिणी क्षेत्र में बुधवार तक लगातार भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है, जिससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। आपदा रोकथाम एवं न्यूनीकरण विभाग के अनुसार, थाईलैंड के कई हिस्सों में सितंबर के मध्य से बाढ़ का कहर जारी है और सोमवार तक देश भर में कम से कम 83 लोगों की मौत होने की सूचना है।
यह भी पढ़ें: थाईलैंड के फुकेत द्वीप में भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से कई इलाके जलमग्न
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से नीलगिरि के गांव का संपर्क टूटा




