चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (कोलकाता): बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर मौसम विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। चक्रवात के 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की आशंका जताई गई है।
पश्चिम बंगाल में इसके सीधे लैंडफॉल की संभावना नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 30 अक्टूबर के बीच कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में मौसम बदल सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के 26 अक्टूबर के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवाती तूफान अर्नब बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में सक्रिय है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अपनी तीव्रता बढ़ाने का अनुमान जताया गया है।
यह भी पढ़ें: UP में चक्रवात अर्णब का असर! 28 से 31 अक्टूबर तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान और फिर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई है। चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के आसपास से गुजर सकता है।
इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
चक्रवात का केंद्र पश्चिम बंगाल से दूर रहने के बावजूद इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और झाड़ग्राम में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर: देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
कोलकाता में 28 और 29 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है और हवा की गति लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम में बदलाव के कारण जनजीवन, सड़क यातायात और खुले में होने वाली गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
चक्रवाती परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने 26 से 29 अक्टूबर के बीच मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में प्रभावित होने की आशंका वाले राज्यों की तैयारियों का जायजा लिया है।









