कानपुर मौसम, मौसम ब्रेकिंग (कानपुर): कानपुर में पिछले 24 घंटे से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। रातभर हुई बारिश के बाद सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर वर्षा होती रही।
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने भी लोगों को ठंड का अहसास कराया है।
कानपुर में मौसम ने अचानक करवट ली है जिसके कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो एक ही दिन में 7.8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट है।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम 1 नवंबर: 13 राज्यों में भारी बारिश और 80 किमी की रफ्तार से हवा का अलर्ट
शहर और आसपास के इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बूंदाबांदी हुई है। इस दौरान करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक काफी बढ़ गई है।
कानपुर में हुई इस बारिश और मौसम के बदलाव ने पुराने सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। अक्टूबर के आखिरी दिनों में 1971 के बाद पहली बार इतनी बड़ी तापमान गिरावट देखने को मिली है।
इस दौरान हवाओं की रफ्तार भी 15 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 32 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बदलाव को अक्टूबर के आखिरी दिनों में 54 साल बाद हुई बड़ी गिरावट बताया जा रहा है।
मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि आने वाले 24 से 36 घंटे तक मौसम में कोई खास बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
आसमान में बादल बने रहेंगे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी 2 नवंबर से मौसम साफ होने के पूरे आसार हैं। इस बेमौसम बारिश का सीधा असर अब अन्नदाता किसानों पर भी पड़ रहा है।
खेतों में कटी पड़ी धान की फसल भीगने से भारी नुकसान का खतरा बढ़ गया है। वहीं आलू और चने की बुवाई करने वाले किसानों की मुश्किलें भी इस बेमौसम बरसात के कारण काफी बढ़ गई हैं।









