बिहार मौसम अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (बिहार): बिहार में चक्रवात अर्नब का असर अब भी दिख रहा है और राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। गोपालगंज, बेतिया, बगहा, अररिया और रक्सौल के साथ राजधानी पटना में भी तेज बारिश हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान 13 जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की पूरी संभावना है।
चक्रवात का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना जरूर जताई जा रही है बावजूद इसके एक नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद अब तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
यह भी पढ़ें: तूफान अर्नब का असर बरकरार; एमपी के इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पांच जिलों के कुछ इलाकों के लिए तत्काल चेतावनी जारी करते हुए अगले एक से तीन घंटे में बारिश की आशंका जताई है। पटना, नालंदा, समस्तीपुर, सारण और वैशाली में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने के समय खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने के साथ ही बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
वैशाली जिले के 16 में से 15 और समस्तीपुर के 20 में से 14 प्रखंडों में मौसम खराब रहने की आशंका है। इसके अलावा पटना के 23 में से 14, नालंदा के 20 में से आठ और सारण के 20 में से छह प्रखंडों को चिह्नित किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पटना समेत 10 जिलों में रुक-रुककर हुई बारिश के कारण दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम 1 नवंबर: 13 राज्यों में भारी बारिश और 80 किमी की रफ्तार से हवा का अलर्ट
इस बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है क्योंकि धान, गन्ना, आलू और सब्जियों की फसलों को नुकसान की आशंका है। खेतों में पानी जमा होने से कटाई और खेती से जुड़े दूसरे जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।









