दिल्ली-एनसीआर वायु गुणवत्ता AQI 450 के पार, Mausam Breaking (दिल्ली-एनसीआर): दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। दिन में धूप रहने के बावजूद रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगी हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ ही दिनों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 4 नवंबर से 9 नवंबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ बना रहेगा, लेकिन हवा की खराबी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
राजधानी दिल्ली की हवा पूरी तरह से जहरीली हो चुकी है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) दिल्ली के कई इलाकों में 400 से 450 के आंकड़े को पार कर गया है, जिसे बेहद ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जहांगीरपुरी में AQI 450 दर्ज किया गया है। आईआईटी दिल्ली में 453, अलीपुर में 422, आईटीओ में 421 और बवाना में 411 AQI रिकॉर्ड किया गया है।
आनंद विहार (302), अशोक विहार (348), आया नगर (382), बुराड़ी क्रॉसिंग (393) और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (411) जैसे प्रमुख इलाकों में भी हवा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 426 तक पहुंच चुका है, जबकि सेक्टर-150 में 351, सेक्टर-110 में 349 और सेक्टर-39 में 321 AQI दर्ज किया गया है।
सेक्टर-125 (243) और सेक्टर-116 (261) में थोड़ी राहत है, फिर भी यह ‘खराब’ श्रेणी में है।
गाजियाबाद में लोनी में AQI 304, संजय नगर में 308 और वेव सिटी में 312 दर्ज किया गया है। नोएडा में प्रदूषण बढ़ने की एक वजह सड़क निर्माण कार्य है, जिससे चारों तरफ धूल उड़ रही है।
इस स्थिति पर नियंत्रण के लिए नोएडा प्राधिकरण और नोएडा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की ओर से ठोस कदम उठाए जाते नजर नहीं आ रहे हैं।
IMD के आंकड़ों के मुताबिक, 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 5 और 6 नवंबर को तापमान हल्का बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
7 नवंबर से तापमान में फिर गिरावट शुरू होगी, जिससे न्यूनतम तापमान 15 डिग्री पर आएगा और 9 नवंबर तक 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।














