5 नवंबर मौसम पूर्वानुमान दक्षिण भारत भारी बारिश IMD अलर्ट, Mausam Breaking (भारत): नवंबर की शुरुआत के साथ देश के मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने वाला है।
वहीं उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में मौसम फिलहाल शांत रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 5 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
दूसरी तरफ दिल्ली-NCR में सुबह हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में भी 5 नवंबर को बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
यानी एक ओर दक्षिण भारत में मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है, तो दूसरी ओर उत्तर भारत के लोगों को फिलहाल राहत मिलने वाली है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश का सिलसिला 4 से 6 नवंबर तक जारी रह सकता है, इसके बाद 7 से 10 नवंबर के बीच भी भारी बारिश की संभावना बताई गई है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में भी 4 से 10 नवंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की आशंका है, इसलिए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।














