हरियाणा मौसम अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (चंडीगढ़): हरियाणा में गुलाबी ठंड के बीच बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 29 अक्टूबर को 14 जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक 29 अक्टूबर को भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, रोहतक और नूंह में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। बालसमंद (हिसार) और फतेहाबाद में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिरसा में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और पारा 14.8 डिग्री पर पहुंच गया। हिसार में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री, करनाल में 15.5 डिग्री और नारनौल में 15 डिग्री सेल्सियस रहा। फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक था।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, दिन में धूप का असर हुआ कम
प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री, गुरुग्राम में 32.3 डिग्री और रोहतक में 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कुरुक्षेत्र में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और सोनीपत में 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को संभावित बारिश के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Yamunotri Dham Snowfall: यमुनोत्री धाम में बदला मौसम का मिजाज, अचानक हुई बर्फबारी
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में धीरे-धीरे दे रही ठंडक दस्तक, छोटे बच्चों के लिए सतर्क रहने की सलाह









