इंदौर का मौसम, मौसम ब्रेकिंग (इंदौर): इंदौर में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि सुबह हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह से तापमान कम होना शुरू होगा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश भी हो सकती है। सोमवार सुबह भी मौसम साफ रहा और धूप खिली। सुबह 8:30 बजे तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार 4 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवा की दिशा परिवर्तनशील रही और दृश्यता 4 किलोमीटर दर्ज की गई। वातावरण में धुंध भी छाई रही। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है और कई जगहों पर पंखे व कूलर चलाने की जरूरत महसूस हो रही है, जबकि सुबह के वक्त हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है। फिलहाल शहर में कोहरे का दौर शुरू नहीं हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज में सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, दिन में धूप का असर हुआ कम









