हिमाचल मौसम अपडेट, मौसम ब्रेकिंग (शिमला): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर खुल गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश दर्ज किए जाने के बाद आज सुबह से ही मौसम साफ है और अधिकांश क्षेत्रों में चटक धूप खिली हुई है।
धूप खिलने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों को सुबह-शाम पड़ रही हल्की ठंड से राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग शिमला की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के तापमान और मौसमी गतिविधियों में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते दिनों राज्य के ऊपरी और मध्यम पहाड़ी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और छिटपुट स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। हालांकि, आज आसमान पूरी तरह साफ है और धूप खिली हुई है।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम: हरियाणा समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश केंद्रों पर अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके चलते कुछ केंद्रों पर दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो अधिकांश क्षेत्रों में यह सामान्य या सामान्य के करीब ही बना हुआ है।
प्रदेश में जनजातीय और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में रातें अत्यधिक ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में -1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।
दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में दिन के समय अभी भी हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, जहां कल सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऊंचे पहाड़ी इलाको में न्यूनतम तापमान -02 से 08 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम : दिल्ली-हरियाणा समेत 25 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग शिमला के मुताबिक 1 नवंबर से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर में 1 और 2 नवंबर को मौसम को खराब रहने का अनुमान है। इन इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम एकदम साफ बना रहेगा।









