24 अक्टूबर 2026 का मौसम पूर्वानुमान, मौसम ब्रेकिंग (संपूर्ण भारत): दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान द्वीप समूह के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके 24 अक्टूबर को डिप्रेशन और 25 अक्टूबर को गहरे डिप्रेशन में बदलने की संभावना है, जिसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है।
इसके आगे भी मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा उससे सटे दक्षिणी ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है। सोमालिया तट के पास दक्षिण-पश्चिमी अरब सागर में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 23 अक्टूबर की सुबह 5:30 बजे सोमालिया तट पर स्थित था और इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
कोमोरिन क्षेत्र तथा दक्षिण तमिलनाडु और केरल के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण केरल के तट से दूर दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में स्थित है तथा इसका परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। पूर्वोत्तर बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय के ऊपर, पूर्वोत्तर झारखंड, उत्तरी हरियाणा और आसपास के उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी तटीय तमिलनाडु में भी चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं।
24 अक्टूबर 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिससे मौसमी बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है।
रायलसीमा, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक दर्ज की गई है।
असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर सामान्य से 5.1°C से अधिक ऊपर न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिमी राजस्थान और गुजरात क्षेत्र में तापमान सामान्य से 3.1°C से 5°C ऊपर दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, कोंकण और गोवा तथा विदर्भ में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा है।
यह भी पढ़ें: बिहार के लोग होशियार, 28 अक्टूबर से ‘अर्नब’ तूफान को लेकर अलर्ट जारी
अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु और केरल में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है जबकि लक्षद्वीप तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ भारी बारिश संभव है। रायलसीमा और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मिजोरम में हल्की बारिश हो सकती है।









