चक्रवाती तूफान अर्णव, मौसम ब्रेकिंग (भुवनेश्वर): बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ में तब्दील हो गया है। इसके प्रभाव से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने 28 और 29 अक्टूबर को पांच जिलों में सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया है।
यह चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचेगा और दोपहर करीब 11:30 बजे काकीनाडा के दक्षिण में तट से टकरा सकता है। तूफान के प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है।
स्थिति को देखते हुए ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जिसके चलते एहतियातन दो दिनों के शैक्षणिक अवकाश की घोषणा की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ओडिशा में 27 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश होगी, जबकि दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: 10 पॉइंट में समझिए ओडिशा-आंध्र प्रदेश की तैयारी
इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 अक्टूबर को चक्रवात का असर सबसे व्यापक रहेगा, जहां रायगढ़ा, कोरापुट, गंजाम, गजपति और मलकानगिरी जिलों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने बताया कि पूर्व-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह सिस्टम आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है। प्राधिकरण ने तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े पांच बजे यह अवदाब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ेगा और तीव्रता पकड़ेगा।
चक्रवाती तूफान का प्रभाव पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव आएगा, जिसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब विकराल रूप लेकर आगे बढ़ा, 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट









