चक्रवाती तूफान अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (रायपुर): बंगाल की खाड़ी में एक्टिव चक्रवाती तूफान अर्नब का असर मंगलवार यानी आज से छत्तीसगढ़ में दिखने लगेगा। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और चक्रवाती तूफान अर्नब के बुधवार को ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट से टकराने की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में 60 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर 200 मिमी तक बारिश होने की संभावना है। 28 अक्टूबर के लिए चार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहीं रायपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चक्रवात अर्नब के असर को देखते हुए बस्तर के स्कूलों में कल छुट्टी घोषित कर दी गई है। साथ ही इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए मौसम आधारित सलाह जारी करते हुए अगले दो से चार दिन धान और अन्य फसलों की कटाई रोकने को कहा है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब का कहर आंध्रप्रदेश ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
चक्रवात का असर 28 अक्टूबर को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में ज्यादा रहेगा और 29 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम व उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में प्रभाव बढ़ सकता है। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा और सुकमा जिले में 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
शासन ने 12 अति संवेदनशील जिलों के 763 बाढ़ प्रभावित गांवों और अन्य जिलों के संवेदनशील गांवों की पहचान की है। लोगों को सुरक्षित रखने के लिए 779 राहत शिविर तैयार रखे गए हैं जिनमें एक लाख लोगों के ठहरने की व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें: Cyclone Arnab: 28 अक्टूबर को समुद्री तटों से टकराएगा; 4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आपदा से निपटने के लिए राज्य में SDRF की 7 टीमें और दुर्ग में NDRF की एक टीम मौजूद है। साथ ही अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और कंट्रोल रूम को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है।









