चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (आंध्र प्रदेश): चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ बुधवार (28 अक्तूबर) को तड़के आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया, जिससे कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। आंध्र प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार की रात दो बजे से बुधवार सुबह आठ बजे के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर गया और अब यह कमजोर होकर भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। IMD ने बताया कि इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 125-135 किमी प्रति घंटा रही, और हवा के झोंकों की गति 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई।
IMD ने कहा है कि तूफान के प्रभाव के कारण, 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 29 से 30 अक्टूबर के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में; 28 से 30 अक्टूबर के बीच गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में; 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार में और 28 से 29 अक्टूबर के बीच ओडिशा में काफी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्णब मध्य प्रदेश के कई जिलों में मचाएगा गदर, भारी बारिश की आशंका
अपने ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात ‘अर्नब’ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से इस सप्ताह देश के कई हिस्सों में आंधी, बिजली कड़कने और भारी बारिश के आसार हैं। IMD के मुताबिक, पूर्व और मध्य भारत के ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर तक अत्यधिक से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं (50-70 किमी/घंटे) चलने के आसार हैं।
इसके अलावा 28-29 अक्टूबर को झारखंड में और 29-30 अक्टूबर के दौरान बिहार में गरज-चमक और तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटे) के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 29 से 30 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटे) के साथ बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा है कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अर्नब तूफान के असर से छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई जिलों में स्कूल बंद
इस दौरान 80-90 किमी/घंटे तक की तेज हवाएं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके बाद 3 नवंबर तक छिटपुट से लेकर भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में चक्रवात अर्नब का असर, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
तेलंगाना में भी तेज आंधी (50-70 किमी/घंटे की रफ्तार) के साथ बहुत भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
इसके अलावा केरल और माहे में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। IMD ने कहा है कि वहां 2-3 नवंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में भी इस सप्ताह अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में 29-30 अक्टूबर के दौरान 50-70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) की संभावना है।
IMD ने उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई है। पूर्वी राजस्थान में 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।








