चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (कोलकाता): भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को कहा कि भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में स्थित इस तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्से पर पहुंचने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि कोलकाता में अगले 48 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी क्षेत्र में 29 और 30 अक्टूबर को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह तूफान के संभावित रूप से तट से टकराने से पहले आईएमडी उसकी दिशा और गति पर करीबी नजर रख रहा है।
उन्होंने कहा कि मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है क्योंकि तूफान के प्रभाव से समुद्र में स्थिति बहुत खराब रहने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल तट के आसपास और उत्तर बंगाल की खाड़ी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।











