भंडारा पूर्व विदर्भ भारी बारिश अलर्ट धान फसल, Mausam Breaking (भंडारा, पूर्व विदर्भ): भंडारा जिले समेत पूर्व विदर्भ में चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर से 5 नवंबर के बीच पूर्व विदर्भ के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की कड़कड़ाहट, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम से लेकर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अभिषेक नामदास ने बताया कि आगामी चार दिनों तक मौसम प्रतिकूल रहने की संभावना है।
इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी से अतिभारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की गई है।
अचानक मौसम में बदलाव और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वर्तमान में कई स्थानों पर धान की कटाई और फसल को सुखाने का काम चल रहा है, ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी फसल, कटी हुई धान और खुले स्थानों पर रखी उपज को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूटने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा खुले स्थानों पर रखी सामग्री को नुकसान पहुंचने की भी संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और आंधी-तूफान के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों तथा खुले मैदानों में खड़े होने से बचें।
किसान अपनी कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था करें। साथ ही मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनी को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है।











