चक्रवात ‘मुरासु’ का असर: झारखंड के 20 जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट

चक्रवात मुरासु झारखंड बारिश कोहरा अलर्ट: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का आंशिक असर झारखंड पर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 3 नवंबर को रांची सहित 20 जिलों में सुबह कोहरा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है, जबकि कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

चक्रवात मुरासु झारखंड बारिश कोहरा अलर्ट, Mausam Breaking (झारखंड): बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। इसके 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से लगभग 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से टकराने की पूरी संभावना बनी हुई है।

इस शक्तिशाली चक्रवाती तूफान का आंशिक असर पड़ोसी राज्य झारखंड पर भी दिखाई देने लगा है।

2 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और जमशेदपुर में छिटपुट बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 3 नवंबर को राजधानी रांची सहित राज्य के 20 जिलों में सुबह के समय मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा।

इसके साथ ही आसमान में घने बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में मौसम फिलहाल साफ बना रहेगा। 4 नवंबर को रांची सहित लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में सुबह कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

वहीं आसमान में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। 5 नवंबर को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों में बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की बारिश हो सकती है।

इस बीच राज्य के लगभग सभी जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची में 1.6 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 1.8 डिग्री सेल्सियस, मेदिनीनगर में 0.8 डिग्री सेल्सियस और चाइबासा में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में रांची सहित राज्य के अन्य जिलों के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट देखने को मिल सकती है।

चक्रवात के असर के बाद भी राहत मिलने के आसार कम ही हैं। बंगाल की खाड़ी में फिर से एक नया निम्न दबाव वाला क्षेत्र (Low-Pressure Area) बनने की संभावना बन रही है।

इसके प्रभाव से लोकआस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले रांची सहित झारखंड के दक्षिणी इलाकों में 11 नवंबर से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है।

इसके चलते एक या दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बारिश के तुरंत बाद राज्य में कुहासा गहराएगा और कड़ाके की ठंड बढ़ने की प्रबल संभावना है।

मौसम में आए इस अचानक बदलाव और सुबह के घने कोहरे का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। देश के अलग-अलग राज्यों से रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट आने वाले सात विमान सोमवार को कोहरे की वजह से अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचे।

इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली-रांची फ्लाइट सुबह 7:15 बजे की जगह 8:26 बजे और पुणे-रांची फ्लाइट सुबह 7:30 बजे की जगह 9:02 बजे पहुंची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट सुबह 9:20 बजे की जगह 9:47 बजे और बेंगलुरु-रांची फ्लाइट सुबह 9:30 बजे की जगह 10:06 बजे रांची उतरी।

इसके अलावा, इंडिगो की कोलकाता-रांची दोपहर की फ्लाइट 11:45 की जगह 12:21 बजे, मुंबई-रांची फ्लाइट 1:30 की जगह 1:53 बजे और शाम की कोलकाता-रांची फ्लाइट 6:55 की जगह 7:55 बजे रांची पहुंची। एयरलाइंस अधिकारियों का कहना है कि सुबह के वक्त पड़े घने कोहरे के कारण उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा, जिससे दिनभर विमानों का आवागमन प्रभावित रहा।

Neha Singh

Neha Singh, Mausam Breaking में Senior Copy & SEO Editor हैं। वे articles की भाषा, headline clarity, search intent, internal linking और overall readability पर काम करती हैं। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मौसम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी search engines के लिए technically clear होने के साथ-साथ पाठकों के लिए भी उपयोगी और स्वाभाविक बनी रहे।

Website

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

चक्रवात अलर्ट

मौसम श्रेणियाँ