झारखंड का मौसम, मौसम ब्रेकिंग (रांची): बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने का अंदेशा जताया है।
इस दौरान प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सुबह घना कोहरा और कुहासा छाने के साथ दिन भर बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मौसम के इस बदले रूप के कारण पूरे प्रदेश में आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में सुबह दृश्यता बेहद कम दर्ज की जा रही है, जिससे सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।
यह भी पढ़ें: वेस्ट यूपी में निष्क्रिय हुआ अर्नब, अब चढ़ेगा पारा
बादलों की मौजूदगी के कारण धूप का असर सीमित रहेगा, लेकिन अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कमजोर पड़ने के बावजूद झारखंड में इसका प्रभाव बना हुआ है।
बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी रांची सहित राज्य के कई इलाकों में सुबह से घने बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर धूप खिली, लेकिन बाद में फिर बादल छा गए और शाम को बारिश शुरू हो गई।
पिछले 24 घंटे में लातेहार, डाल्टनगंज, घाटशिला और धालभूमगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। लातेहार जिले के बालूमाथ में सर्वाधिक 111.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रांची में 8.5 मिमी बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन से भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी
इस बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कोहरे का असर अधिक देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब का असर: लखनऊ सहित 20 जिलों में आज बारिश की चेतावनी
त्योहारों पर मौसम साफ होने की उम्मीद राज्यवासियों के लिए राहत की बात यह है कि आगामी त्योहारों के समय मौसम साफ होने का अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना नया निम्न दबाव 2 नवंबर तक मौसम को प्रभावित कर सकता है।
इस दौरान रांची में भी दिन में एक-दो बार बारिश हो सकती है। राज्य में 2 और 3 नवंबर को आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद 4 नवंबर से राजधानी रांची में आसमान साफ होने लगेगा। वहीं 5 नवंबर से पूरे झारखंड में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद व्यक्त की गई है।
पांच नवंबर से मौसम साफ होने से धनतेरस और दिवाली पर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।









