चक्रवाती तूफान का असर, मौसम ब्रेकिंग (नई दिल्ली): सर्दियों की दस्तक के साथ राजधानी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने का दौर शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार अक्टूबर का महीना कई मायनों में अलग रहा। राजधानी में पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय में अक्टूबर की सबसे साफ हवा दर्ज की गई।
इसके अलावा 4 साल में सबसे ज्यादा बारिश हुई और 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन भी रिकॉर्ड किया गया। बारिश और ठंड के चलते हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला, जबकि दिल्ली में बारिश की वजह से कल शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट देखी गई।
दिल्ली-NCR में आज आसमान में हल्के बादल रहेंगे और दिन में धूप निकलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 नवंबर तक आसमान साफ होने और मौसम के स्थिर होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब का असर: लखनऊ सहित 20 जिलों में आज बारिश की चेतावनी
वहीं आज शनिवार को दिन के दौरान 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह 7 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 111 अंक पर बना हुआ है।
दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 108, गुरुग्राम में 131, गाजियाबाद में 125, ग्रेटर नोएडा में 123 और नोएडा में 108 अंक पर एक्यूआई बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच में बना हुआ है, जबकि कुछ इलाकों में एक्यूआई लेवल 100 से नीचे बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब के बाद फिर बदल रहा मौसम, भारी बारिश की चेतावनी; यूपी-बिहार तक अलर्ट
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बनेगा डिप्रेशन, अरुणाचल से आंध्र तक भारी बारिश का अलर्ट








