चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (देश): देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हालिया बारिश के बाद दिल्ली-NCR में तापमान में गिरावट आई है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर को कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को बारिश की संभावना नहीं है और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली में शुक्रवार को अक्टूबर के चार साल के दौरान सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो 75 वर्षों में अक्टूबर का सबसे कम तापमान था।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब का असर: लखनऊ सहित 20 जिलों में आज बारिश की चेतावनी
नोएडा और गुरुग्राम में भी शनिवार को मौसम सुहावना रहने का अनुमान है। नोएडा में तापमान 17 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है जबकि गुरुग्राम में कुछ इलाकों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
चक्रवात अर्नब भले ही चला गया हो लेकिन मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में नए मौसमी सिस्टम के विकसित होने की चेतावनी दी है। दक्षिण अंडमान सागर के पास बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को और मजबूत हो रहा है।
IMD के अनुसार 31 अक्टूबर के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की तरफ जा सकता है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान का असर दिल्ली तक, बारिश के बाद तापमान गिरा और हवा साफ हुई
मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है। अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में बनेगा डिप्रेशन, अरुणाचल से आंध्र तक भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।








