ओडिशा में चक्रवात , मौसम ब्रेकिंग (भुवनेश्वर): ओडिशा सरकार ने चक्रवाती तूफान के मद्देनजर समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगा दी है और छह जिलों में पहाड़ियों, झरनों तथा बांधों पर पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी कि मौसम विभाग के अनुसार यह चक्रवाती तूफान अगले 48 घंटों में पड़ोसी आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचेगा।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने दक्षिणी क्षेत्र के संवेदनशील जिलों गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, मलकानगिरि, कोरापुट और नबरंगपुर में संसाधनों को सक्रिय कर दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात से पहले की तैयारियों की निगरानी के लिए आठ मंत्रियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा पुलिस के बचाव दलों को संवेदनशील इलाकों में पहले से तैनात किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह जारी बुलेटिन में बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
विभाग के अनुसार इसके 26 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर को अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती और तट से टकराने के बाद मौसम प्रणाली के ओडिशा के कुछ इलाकों की ओर बढ़ने का अनुमान है।
मंत्री ने बताया कि खराब मौसम की आशंका के कारण छह संवेदनशील जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। कृषि विभाग ने किसानों को 80 से 85 प्रतिशत तक पक चुकी फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित रखने की सलाह दी है और विशेष हेल्पलाइन नंबर शुरू किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी
यह भी पढ़ें: बिहार के लोग होशियार, 28 अक्टूबर से ‘अर्नब’ तूफान को लेकर अलर्ट जारी









