तूफान अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (मध्य प्रदेश): तूफान अर्नब का प्रभाव कम होने के बाद भी एमपी में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और शहडोल समेत कई जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बेमौसम हो रही बारिश से खेतों में धान की फसल और मंडियों में रखे अनाज को भारी नुकसान पहुंच रहा है। आंधी-बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंड बढ़ गई है।
आगामी 2 नवंबर तक प्रदेश में ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्ना जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में तूफान अर्नब का असर घटा, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बरकरार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ही एमपी के अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर जिलों में गरज चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान, रीवा और सागर संभागों में कई स्थानों पर जबकि ग्वालियर, चंबल और शहडोल संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। भोपाल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभागों में भी इक्का-दुक्का स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल मौसम: कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, ताबो का पारा शून्य में









