चक्रवात अर्नब , मौसम ब्रेकिंग (भुवनेश्वर/अमरावती): आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर हाई अलर्ट है। खबर के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्नब गंभीर रूप ले रहा है और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच तटीय इलाकों में अलर्ट जारी है।
विशाखापत्तनम मौसम विभाग के डायरेक्टर पी.एल.एन. मूर्ति ने कहा कि बहुत गंभीर साइक्लोनिक तूफान अर्नब 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया है।
लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड 125 से 135 किलोमीटर से बढ़कर 150 किलोमीटर तक हो जाएगी और इसके 28 अक्टूबर की सुबह 2 से 4 बजे के बीच टकराने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में चक्रवात अर्नब के खतरे के कारण स्कूल दो दिन बंद
अधिकारियों ने बताया कि चक्रवाती तूफान के मद्देनजर मंगलवार को विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों पर कम से कम 21 उड़ानें रद्द कर दी गईं। भारतीय रेलवे ने एहतियातन इस क्षेत्र से गुजरने वाली कम से कम 50 ट्रेन रद्द कर दी हैं और तटीय इलाकों की कई सड़कों पर यातायात संबंधी पाबंदियां लगाई गई हैं।
आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के 20 जिलों में 2,131 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए हैं और प्रभावित होने की आशंका वाले इलाकों में 1,087 चिकित्सा दलों को सतर्क रखा गया है। सरकार ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के अलावा 1,351 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में भर्ती कराया है।
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी पाटिल ने कहा कि गजपति और नबरंगपुर जिलों में करीब 11-11 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राज्य सरकार ने बचाव कार्यों के लिए 294 दल तैनात किए हैं, जिनमें एनडीआरएफ के नौ, एसडीआरएफ के 60 और अग्निशमन सेवा के 225 दल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के मौसम में आएगा बदलाव, अर्नब चक्रवात को लेकर भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड में नदियों के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश होने से ओडिशा के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में अचानक बाढ़ आ सकती है और जलभराव हो सकता है। पारादीप, धामरा और गोपालपुर बंदरगाहों पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के तटीय जिलों में मध्यम बारिश हुई, जबकि झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और कोलकाता के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है और कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है。
पड़ोसी राज्य झारखंड में बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद रांची जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से अगले 24 घंटों के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।









