भारी बारिश, मौसम ब्रेकिंग (अमेठी): चक्रवाती तूफान अर्नब को लेकर भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 28 व 30 अक्टूबर को जनपद में संभावित मध्यम से तीव्रगति से वर्षा का आरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन व वज्रपात एवं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं, जो 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं की संभावना के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह ने सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने के साथ ही विभिन्न स्तर पर तैयारियॉ व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए तथा जनसामान्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। तहसील स्तर पर आपदाओं की सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा।
जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट परिसर में नियंत्रण कक्ष संचालित है, जिस पर कोई भी व्यक्ति आपदा से सम्बन्धित सूचना कंट्रोल रूम नं. 05368-298052 एवं 05368-244355 पर उपलब्ध करा सकता है। सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक व लेखपालों को सर्तक रहने तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति पर निचले इलाकों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने व संभावित जलभराव की स्थिति में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पर्याप्त राहत एवं बचाव की तैयारी की जा रही है।
विद्युत आपूर्ति संबंधित सूचनाओं के निराकरण हेतु 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने, तेज हवा एवं वज्रपात के कारण विद्युत पोल, तार अथवा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल बहाली के निर्देश दिए गए हैं। सड़क एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा पेड़ गिरने या मार्ग अवरूद्ध होने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने, एंबुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम ने जनसामान्य से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों या खुले स्थानों पर जाने से बचें।
यह भी पढ़ें: यूपी में तूफान अर्नब का असर, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश के आसार
यह भी पढ़ें: Punjab Weather: पंजाब में अगले दो दिनों के लिए बारिश की चेतावनी, ठंड और बढ़ेगी









