मुंगेली मौसम रेड अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (मुंगेली): मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को मुंगेली जिले में अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और किसानों से सतर्कता बरतने तथा जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।
गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर मकानों, बिजली के खंभों, विद्युत तारों, पेड़ों और होर्डिंग के आसपास न रहें।
यह भी पढ़ें: 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
कलेक्टर ने नागरिकों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। साथ ही अफवाहों और अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने किसानों को खराब मौसम, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका के दौरान खेतों तथा खुले स्थानों में काम करने से बचने की सलाह दी है। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।
प्रशासन के मुताबिक, पक चुकी धान, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई मौसम की स्थिति को देखते हुए टालें। पहले से कटी हुई फसलों को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखें, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
यह भी पढ़ें: यूपी में तूफान अर्नब का असर, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश के आसार
पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को सुरक्षित और आश्रययुक्त स्थान पर रखें। साथ ही उनके लिए पर्याप्त सूखे चारे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें: Punjab Weather: पंजाब में अगले दो दिनों के लिए बारिश की चेतावनी, ठंड और बढ़ेगी
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके तहत नागरिक 07755-264440 पर संपर्क कर सकते हैं।









