चक्रवाती तूफान, मौसम ब्रेकिंग (गढ़वा): मौसम विभाग की ओर से चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका से रंका और भंडरिया प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के किसान चिंतित हैं। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका के बीच किसान दिन-रात कटाई में जुटे हैं।
किसान जल्द से जल्द धान काटकर घर पहुंचाना चाहते हैं, ताकि उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद न हो। मदगड़ी पंचायत के लहगुड़वा टोला निवासी जमौसी कुजूर ने बताया कि इस वर्ष लगातार बारिश से धान की फसल अच्छी हुई है, लेकिन अब मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है।
मुनेश्वर उरांव ने बताया कि नदी किनारे स्थित खेतों में पानी भरने से धान की फसल पहले ही खराब हो चुकी है। अब ऊंचे खेतों में बची फसल को लेकर भी चिंता बनी हुई है और भारी बारिश हुई तो किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: पलामू में मडुआ की खेती से बदल रही तस्वीर, 400 से अधिक महिलाएं जुड़ीं
किसान तेतरी देवी ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की है और धान पक चुका है। बारिश की आशंका के कारण वह जल्द कटाई कर रही हैं और कुछ धान की कटाई के बाद थ्रेसर से मड़ाई भी कराई जा रही है ताकि फसल सुरक्षित हो सके।
परमेश्वर उरांव ने कहा कि यदि किसानों को एक सप्ताह का समय मिल जाता तो वे पूरी फसल काटकर घर पहुंचा सकते थे। वहीं, सजीवन उरांव ने आशंका जताई कि लगातार बारिश होने पर खेतों में कटी या खड़ी धान की बालियां अंकुरित हो सकती हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: नागपुर में अल नीनो और सूखे का संकट: कम पानी में लें बंपर पैदावार









