गोरखपुर मौसम अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (गोरखपुर): बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती मौसम तंत्र का असर गोरखपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन और राहत आयुक्त कार्यालय के निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर अलर्ट जारी कर दिया है।
अपर जिलाधिकारी आपदा जय प्रकाश ने मंगलवार शाम को एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक, आगामी 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है।
प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिला, तहसील और विभागीय स्तर के सभी कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
कृषि विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटाई के लिए तैयार फसलों की शीघ्र कटाई कर लें। कटी हुई फसल को सुरक्षित ढके हुए स्थान पर पहुंचाने के लिए मुनादी कराई जाएगी ताकि नुकसान से बचा जा सके।
ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जर्जर मकानों और ढाबों की पहचान करें। ऐसे स्थानों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों और रैन बसेरों में समय रहते शिफ्ट किया जाएगा।
निचले इलाकों में जल-जमाव की समस्या से निपटने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं जिनके तहत पंप सेट लगाए जाएंगे। यातायात बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीमें तैनात रहेंगी ताकि पेड़ गिरने पर रास्ता तुरंत साफ किया जा सके।
यह भी पढ़ें: यूपी में तूफान अर्नब का असर, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश के आसार
वज्रपात से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दामिनी ऐप डाउनलोड करने का प्रचार किया जाएगा। नागरिकों को खुले मैदानों, जल-भराव वाले क्षेत्रों और ऊंचे पेड़ों के नीचे बिल्कुल न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: Punjab Weather: पंजाब में अगले दो दिनों के लिए बारिश की चेतावनी, ठंड और बढ़ेगी
आपदा की स्थिति में यदि कहीं भी जनहानि या फसल को कोई क्षति पहुंचती है, तो प्रशासन द्वारा तत्काल राहत सामग्री और सहायता राशि का वितरण किया जाएगा।









