हरियाणा मौसम चेतावनी, मौसम ब्रेकिंग (हरियाणा): हरियाणा के कई जिले अर्नब चक्रवातीय तूफान के प्रभाव में आने वाले हैं। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश व आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते मौसम विभाग ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि हरियाणा के कुछ जिलों में 29 अक्टूबर को ही मौसम बदल गया जहां जींद व आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस अचानक बदलाव से पूरे हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में ठंड की शुरुआत का अहसास तेज हो जाएगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि क्षेत्र में दो मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हो रही हैं।
बंगाल की खाड़ी का अर्नब चक्रवातीय तूफान 29 और 30 अक्टूबर को प्रयागराज पहुंचेगा जिसका असर रेवाड़ी समेत हरियाणा पर दिखेगा।
उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में 29 अक्टूबर को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे 15 जिलों के लिए भारी रहेंगे जहां तेज आंधी के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में ऑरेंज अलर्ट दिया है। इन जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी है।
इसके अलावा पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है जहां तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में येलो अलर्ट रहेगा।
हरियाणा का सिरसा एकमात्र ऐसा जिला है जहां मौसम विभाग की तरफ से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बारिश और तेज हवाओं के चलने से दिन और रात दोनों के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की जाएगी।













