MP Weather, मौसम ब्रेकिंग (भोपाल): बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ चक्रवाती तूफान अर्नव तेजी से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान में इसकी स्थिति दक्षिण विशाखापट्टनम से लगभग 170 किलोमीटर दूर दर्ज की गई है।
इस शक्तिशाली सिस्टम का असर देश के कई राज्यों के साथ-साथ अब मध्य प्रदेश पर भी दिखना शुरू हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में दिनभर बादलों का डेरा रहा और शाम साढ़े पांच बजे तक मंडला जिले में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी पीके रैकवार ने बताया कि बुधवार से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में तूफान का प्रभाव देखने को मिलेगा। अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में कहीं-कहीं अति भारी वर्षा के आसार हैं।
सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर और सिवनी में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। रीवा समेत 13 जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और भोपाल, सीहोर, विदिशा, दतिया, भिंड व टीकमगढ़ में बादल छाएंगे और हल्की वर्षा हो सकती है।
मौसम केंद्र ने 29 अक्टूबर को आरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और मैहर में अति भारी वर्षा, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
प्रदेश में सुबह-शाम गुलाबी ठंड और दोपहर में तीखी धूप का दोहरा अहसास बना हुआ है। मंगलवार को नर्मदापुरम जिले का पचमढ़ी 13.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।
यह भी पढ़ें: कल का मौसम : हरियाणा समेत 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं रायसेन में 14.5 डिग्री, दमोह में 15.0 डिग्री और भोपाल में 15.2 डिग्री पारा दर्ज हुआ। इसके विपरीत, दिन में छतरपुर का खजुराहो 34.2 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।
यह भी पढ़ें: UP में 28 अक्टूबर से मौसम लेगा करवट, इन जिलों में बारिश का अलर्ट









