उत्तर भारत मौसम अपडेट, मौसम ब्रेकिंग (उत्तर भारत): उत्तर भारत के राज्यों में आज से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच मैदानी और पहाड़ी राज्यों में मौसमी गतिविधियों में तेजी आएगी।
एक ओर जहां दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, वहीं पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में फिलहाल दिन के समय हल्की गर्मी और सुबह-रात में गुलाबी ठंड महसूस हो रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक रूप से धुंधले बादल छाए रह सकते हैं, और 1 नवंबर तक बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में साइक्लोन अर्नब का असर, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
हरियाणा और पंजाब के अधिकांश इलाकों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन 28 से 31 अक्टूबर के बीच दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का पैटर्न दो हिस्सों में बंटा रहेगा, जहां पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है और पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह और देर रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगा है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ेगी तथा तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में भी दिखेगा चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, 6 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी तथा 29 अक्टूबर के आसपास गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाओं का अनुमान है। लद्दाख के लेह और कारगिल जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में रात का पारा शून्य से नीचे जा सकता है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में बारिश का यलो अलर्ट जारी, जाने मौसम विभाग का ताजा अपडेट
यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए मौसम विभाग ने सलाह दी है कि वे पर्याप्त गर्म कपड़े साथ रखें और स्थानीय एडवाइजरी का पालन करें। जिन इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने या तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, वहां अनावश्यक यात्रा से बचें।









