जहानाबाद मौसम अलर्ट, मौसम ब्रेकिंग (जहानाबाद): जहानाबाद में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार जारी एडवाइजरी में बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जतायी गयी है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए किसानों को पकी हुई फसलों और कृषि उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गयी है।
जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्हें उपज को तिरपाल से ढककर रखने को कहा गया है। खेतों में पानी जमा होने से फसलों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की भी अपील की गयी है।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में चक्रवाती तूफान अर्नब और आंधी-बारिश के अलर्ट पर प्रशासन सतर्क
जिला प्रशासन ने मेघगर्जन के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों, जलाशयों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने को कहा गया है।
वज्रपात की आशंका होने पर सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की अपील की गयी है। प्रशासन ने तेज हवाएं चलने के दौरान कमजोर संरचनाओं और बिजली के तारों से दूर रहने की सलाह दी है।
साथ ही जलजमाव वाले इलाकों में जाने और अनावश्यक यात्रा करने से बचने को कहा गया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में 3 दिन मौसम खराब, आंधी-पानी और वज्रपात का अलर्ट
आम नागरिकों से अपील की गयी है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही कदम उठाएं।
यह भी पढ़ें: झज्जर के चार गांवों में दस मिनट तक हुई ओलावृष्टि









