संतकबीर नगर मौसम, मौसम ब्रेकिंग (संतकबीर नगर): संतकबीर नगर में मौसम सूचक संयंत्र ने काम शुरू कर दिया है, जिसने 30-31 अक्टूबर को बारिश और तेज हवाओं का पहला अलर्ट जारी किया है। कृषि विज्ञान केंद्र बगही में स्थापित इस संयंत्र से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जिले में संभावित बारिश और मौसम में बदलाव की जानकारी सामने आई है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिले में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की आशंका है। वहीं, 31 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है और इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों को नुकसान से बचाने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 अक्टूबर को तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सीपीएन गौतम के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में कटी हुई फसल, अनाज और भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखें।
खुले में रखे अनाज को तिरपाल से अच्छी तरह ढकने के साथ नमी से बचाने के लिए जमीन से ऊपर रखने को कहा गया है।













