संतकबीरनगर में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या, Mausam Breaking (संतकबीरनगर, उत्तर प्रदेश): जिले में पिछले दिनों हुई बारिश और मौसम में आए बदलाव के बाद सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। जिला संयुक्त अस्पताल और सीएचसी-पीएचसी पर मरीजों की भीड़ लग रही है।
आलम यह है कि सुबह 8 बजे से ही पर्ची काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों की लंबी लाइन लगी रही और फिजीशियन के कक्ष के सामने दिन भर कतार लगी रही। पिछले एक सप्ताह में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है और पिछला सप्ताह अनिश्चितता भरा रहा।
पिछले दिनों की बारिश से मौसम में बदलाव होने का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लोग वायरल संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं, जिससे बुखार, सर्दी, खांसी, सांस और अन्य समस्याएं हो रही हैं, जबकि बैक्टीरिया संक्रमण से भी लोग बीमार हो रहे हैं।
कम इम्युनिटी के कारण बच्चे बीमार हो रहे हैं।
स्रोत के अनुसार बुखार, सर्दी, खांसी, जुकाम, सिर व पेट दर्द और दस्त के मरीज बढ़े हैं, वहीं कुछ लोगों को बीपी की समस्या भी हो रही है। स्वस्थ होने में पांच से सात दिन का समय लग रहा है।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. माज फारुखी के अनुसार कई दिनों की बारिश से मौसम बदला है।
वातावरण में नमी वायरस और बैक्टीरिया के विकास के लिए अनुकूल होती है, जिससे संक्रमण बढ़ जाता है। उन्होंने ताजा पौष्टिक व सुपाच्य आहार लेने, ठंड से बचने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने और स्वच्छ पानी पीने की सलाह दी है।












