Cyclone Arnab, मौसम ब्रेकिंग: बंगाल की खाड़ी से उठने वाले चक्रवात अर्नब को लेकर सुरक्षा और एहतियात के तौर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस तूफान को ध्यान में रखते हुए 53 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिसकी जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समीक्षा बैठक के बाद दी है।
चक्रवात को ध्यान में रखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश में कड़ी सुरक्षा कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान आगे बढ़ रहा है, जिससे तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट पर 28 अक्टूबर को सुबह चक्रवात अर्नब के टकराने का खतरा है। इस संभावित खतरे के कारण समुद्र के तट पर पानी का फैलाव तेजी से होगा और सुरक्षा के लिहाज से लोगों को घरों से न निकलने की सलाह दी गई है।
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर चक्रवात से निपटने के लिए तैयारियों का दावा किया है। उन्होंने बताया कि विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम डिवीजनों में सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं और जोनल स्तर पर वॉर रूम सक्रिय हैं।
लगभग 600 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक पर कड़ी नजर रखी जा रही है और राहत वैगनें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। प्रमुख जंक्शनों पर डीजल लोको, एम्बुलेंस, अर्थमूवर और पेड़ काटने वाली मशीनें भी तैयार रखी गई हैं।
बंगाल की खाड़ी से उठने वाले इस तूफान के कारण आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन और आम नागरिकों को मौसम संबंधी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 2 दिन बाद चक्रवाती तूफान अर्नब बदलेगा मौसम
यह भी पढ़ें: झारखंड में चक्रवात अर्णब का असर, रांची में स्कूलों की दो दिनों की छुट्टी घोषित









