राजस्थान मौसम, मौसम ब्रेकिंग (राजस्थान): राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। दिन में तेज धूप और 38 डिग्री के करीब पहुंच रहे तापमान के बीच अब बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर राजस्थान तक पहुंच सकता है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। खास बात यह है कि 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा समेत 18 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अर्नब का कहर: 28 अक्टूबर को इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदल सकता है।
इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
चक्रवाती सिस्टम के असर से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रह सकती हैं।
फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले दो दिनों तक लोगों को दिन में धूप का सामना करना पड़ सकता है। बाड़मेर में सोमवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: बंगाल खाड़ी में उठे अर्नब चक्रवात को लेकर प्रशासन अलर्ट
दिन में गर्मी के बीच प्रदेश में रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगी हैं। सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब 29 और 30 अक्टूबर को संभावित बारिश तथा तेज हवाओं के चलते मौसम में और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में भी गिरावट आ सकती है।









