चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (आंध्र प्रदेश): चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक भयानक तूफान में बदल सकता है।
इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 125 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 140 किमी/घंटा तक चल सकते हैं।
आंध्र प्रदेश के संवेदनशील इलाकों से करीब 6 लाख लोगों को आज शाम से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मछुआरों को भी 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
आंध्र से सटे ओडिशा में भी चक्रवात का सबसे ज्यादा असर होगा। राज्य में बचाव और राहत कार्यों के लिए 60 ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की टीमें तैनात की जाएंगी।
छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है।
वहीं, तमिलनाडु में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अरनी स्थित भास्कर नगर में पानी भर गया और लोग अपने घरों में फंस गए हैं।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की चेतावनी
कोडाइकनाल में पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है, जबकि तिरुवारूर जिले में भी तेज बारिश दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट है।
कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
राजस्थान में 29 अक्टूबर से नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी-बारिश की चेतावनी है। इससे पहले प्रदेश में तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है।
सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में केदारनाथ, तुंगनाथ समेत रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 से 28 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलने की संभावना है।
पंजाब और चंडीगढ़ में 26 अक्टूबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। पंजाब में औसत अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री गिरा है और बठिंडा में सबसे अधिक 32.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राज्य में 28 अक्टूबर को बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 30 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है।
बिहार में सोमवार को सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और जहानाबाद समेत दक्षिण बिहार के जिलों में तेज हवा चलने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है।
हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है और पिछले 24 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
छत्तीसगढ़ में सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा और दो दिन बाद चक्रवाती तूफान का असर दिख सकता है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है।
बस्तर संभाग में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।









