चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (कोलकाता): पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण बारिश हुई और तेज़ हवाएं चलीं। इस बीच ‘अर्नब’ कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया तथा अब यह दक्षिण छत्तीसगढ़ तथा उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर केंद्रित है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बृहस्पतिवार शाम तक निम्न दबाव के और कमजोर होने तथा शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल में भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।
मौसम विभाग के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है। मौसम विभाग ने चक्रवात ‘अर्नब’ के अवशेषों के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
यह भी पढ़ें: यूपी में दिखा अर्नब चक्रवात का असर, वाराणसी और प्रयागराज में हो रही बारिश
उसने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान और बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित सागर द्वीप में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों के दौरान 81.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई, जो इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक है। उसने कहा कि राज्य में मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी और कांथी में 35 मिमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है और यहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार में चक्रवात अर्णब का दिखेगा असर, अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट
यह भी पढ़ें: नवादा में अर्नब चक्रवात का असर, बादल और बूंदाबांदी से बदला मौसम









