चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (विशाखापत्तनम): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बना एक गहरा दबाव अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
आईएमडी ने सोमवार सुबह एक बुलेटिन में बताया कि बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य हिस्से में बना गहरा दबाव अब एक चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसे ‘अर्नब’ नाम दिया गया है।
बुलेटिन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान लगभग 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा। यह चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में तब्दील हो गया है।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
सोमवार सुबह 05:30 बजे यह बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य हिस्से में केंद्रित था। यह श्री विजय पुरम से लगभग 590 किमी उत्तर-पश्चिम, गोपालपुर से 610 किमी दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 650 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था।
इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 26 अक्टूबर की आधी रात तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके बाद, 27 अक्टूबर को यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
इसके बाद तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 115-125 किमी प्रति घंटा हो सकती है, जो 140 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि अगले तीन दिन बेहद नाजुक होंगे और लोगों से सुरक्षा सावधानियों का पालन करने की अपील की गई है। 27 और 28 अक्टूबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और मध्य तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की चेतावनी
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारियों की समीक्षा की है।
राहत कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 10 टीमें और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की 11 टीमें तैनात की जा रही हैं।









