Cyclone Arnab, मौसम ब्रेकिंग (जमशेदपुर): बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्णव का असर जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में दिखने लगा है। बुधवार तड़के साढ़े तीन से साढ़े पांच बजे तक काफी तेज हवा चली और जमकर बारिश हुई।
इसके बाद बारिश थमने से लोगों को बड़ी राहत महसूस हो रही है, हालांकि आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और पानी रुकने से लोग अपने जरूरी दैनिक काम निपटा ले रहे हैं। स्कूल बंद रहने के कारण सुबह सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम देखने को मिली है।
मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम समेत कोल्हान में खराब मौसम की चेतावनी देते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। 28 और 29 अक्टूबर के लिए विशेष ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिसके दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: मुंबई में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, बारिश तथा आंधी-तूफान आने के आसार
आंधी-तूफान से पेड़ों की डालियां टूटने, कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और उपायुक्त ने नगर निकायों, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारियों तथा विद्युत अभियंताओं को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश से निचले इलाकों और तटीय बस्तियों में जलजमाव तथा बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल चिह्नित कर आवश्यक राहत सामग्रियों की व्यवस्था की गई है।
लगातार तेज हवा और बारिश से धान व सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम में अनावश्यक बाहर न निकलें और पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।
यह भी पढ़ें: जींद में सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी, चक्रवाती तूफान अर्नब का असर
यह भी पढ़ें: यूपी में कल बदलेगा मौसम, साइक्लोन अर्नब के असर से चलेंगी तेज हवाएं









