गाजीपुर मौसम, मौसम ब्रेकिंग (गाजीपुर): गाजीपुर जिले में बुधवार से मौसम बदलने की संभावना है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव के चलते 28 से 31 अक्टूबर तक गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
इस दौरान तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 29 से 31 अक्टूबर तक अच्छी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: यूपी में कल बदलेगा मौसम, साइक्लोन अर्नब के असर से चलेंगी तेज हवाएं
आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खुले मैदानों में जाने से बचें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहें।
बिजली चमकने पर किसी पक्के भवन में शरण लें। इस दौरान मोबाइल चार्ज करने और बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करने से भी बचें।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और तेज हवा व बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में 112, 1077 या 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: यूपी में दिखा अर्नब चक्रवात का असर, वाराणसी और प्रयागराज में हो रही बारिश
यह भी पढ़ें: बिहार में चक्रवात अर्णब का दिखेगा असर, अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट









