चक्रवाती तूफान अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (आंध्र प्रदेश): बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, केरल, पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अर्नब 28 अक्तूबर को आंध्र के तट से टकरा सकता है। चक्रवात के असर से यूपी, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब समेत 15 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्तूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आठ मंत्रियों को संवेदनशील जिलों में तैनात किया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान का आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में असर देखने को मिलेगा। इस दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। सुरक्षा के मद्देनजर तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। पुडुचेरी में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, तमिलनाडु में भारी बारिश के बीच इरोड जिले में रविवार को कोडिवेरी बांध पर लगातार दूसरे दिन पर्यटकों का प्रवेश बंद रहा। हरियाणा की मंडियों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार रात हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जीटी बेल्ट समेत प्रदेश के कई जिलों में किसानों और आढ़तियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और आपूर्ति बाधित होने के साथ मंडियों में खुले में रखा 3.32 लाख मीट्रिक टन धान भीग गया। मौसम विभाग ने 26 और 27 अक्तूबर के लिए केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि तमिलनाडु-पुडुचेरी में ऑरेंज अलर्ट है। ओडिशा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल की 60 टीमें और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 17 टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली और केदारधाम में दूसरी बर्फबारी हुई, जबकि पहलगाम और गुलमर्ग में इस मौसम में पहली बार रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से देश के 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी









