चक्रवाती मौसम , मौसम ब्रेकिंग (मऊ): चक्रवाती मौसम के असर से मऊ में गुरुवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और जिले के कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।
तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट से मौसम ठंडा हो गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम 31 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं, बारिश और तेज हवा की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटकर पड़ी धान की फसल भीगने और तैयार खड़ी फसल के गिरने से नुकसान का खतरा मंडराने लगा है।
यह भी पढ़ें: Moradabad News: चक्रवात अर्नब के चलते आज हल्की बारिश की संभावना, गिरेगा पारा
बुधवार शाम करीब पांच बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव को देखते हुए मऊ में भी मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है।
जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। उप कृषि निदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने किसानों से पककर तैयार धान की फसल की तत्काल कटाई करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: कोरबा में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, झमाझम बारिश के साथ चलीं तेज हवाएं









