चक्रवात अर्नब, मौसम ब्रेकिंग (लखनऊ): 48 घंटे बाद भी बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब का असर कमजोर नहीं पड़ा है। बीते 48 घंटों में यूपी के कई जिलों में भारी बारिश हुई है।
वहीं, मौसम विभाग ने यूपी के 21 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बेमौसम बारिश से यूपी के कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
पिछले 48 घंटे से चक्रवात के प्रभाव से हो रही रिमझिम बारिश और बादल छाए रहने के कारण ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से लेकर 10 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग बराबर पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार में बारिश और जलजमाव से बढ़ा संक्रमण और बीमारियों का खतरा
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 24 तो न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसी तरह कई जिलों में अधिकतम न्यूनतम तापमान लगभग बराबर पहुंच जाने से दिन में ठंडक में वृद्धि हुई है।
आज मऊ, गाजीपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, सुल्तानपुर, बस्ती, सिद्धार्थ नगर, अमेठी, प्रतापगढ़, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों में बारिश का अलर्ट है।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। लगातार शनिवार सुबह तक बारिश जारी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई है। गुरुवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
यह भी पढ़ें: कानपुर मौसम: दिनभर बूंदाबांदी से लुढ़का पारा, तेज हवाओं और बारिश के आसार
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश का शाहजहांपुर सबसे अधिक गर्म जिला रहा जहां पर अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। वही सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
प्रयागराज और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 30 और 31 अक्टूबर के लिए तेज बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।
हमीरपुर जिले में चक्रवाती तूफान के असर से मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। रातभर रुक-रुककर हल्की बारिश और बूंदाबांदी होती रही और शनिवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे।
मेरठ में आज मौसम बेहद ही खुशनुमा है, सुबह जहां ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे की चादर ने ठंड का एहसास कराया, वहीं समय से सूर्यदेव प्रकट हुए और आसमान पूरी तरह से साफ बना हुआ है।
बलिया के किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है क्योंकि क्षेत्र में लगातार और रुक-रुक कर मध्यम से तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही। इससे चली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन काफी बढ़ा दी है।
पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवर्ती तूफान अर्नब के आंशिक असर से उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के अंदर जोरदार बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक अब इस तूफान का आंशिक असर धीरे-धीरे कम होगा जिससे आज से बारिश के सिलसिले में कमी आएगी।







