फरीदाबाद मौसम, मौसम ब्रेकिंग (फरीदाबाद): फरीदाबाद शहर में देर रात से रुक-रुककर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। तापमान में आई गिरावट से सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास काफी बढ़ गया है।
इसका सीधा असर बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड और बारिश के बीच घर से निकलना पड़ रहा है, जबकि नौकरीपेशा लोगों को भीगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 30 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक रहने का अनुमान जताया गया था, जिसमें बारिश के चलते दिनभर ठंड बनी रही।
यह भी पढ़ें: बिहार में बारिश और जलजमाव से बढ़ा संक्रमण और बीमारियों का खतरा
रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटनाओं का खतरा भी पैदा हो गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
सीएमओ जयंत आहूजा के अनुसार, बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बाल रोग ओपीडी की संख्या 70 से बढ़कर 100 को पार कर चुकी है, इसलिए बच्चों को गर्म कपड़े पहनाने और सावधानी रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: कानपुर मौसम: दिनभर बूंदाबांदी से लुढ़का पारा, तेज हवाओं और बारिश के आसार








