Deoria News, मौसम ब्रेकिंग (देवरिया): मौसम में परिवर्तन से बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है और वे वायरस व बैक्टीरिया के संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। कम रोग प्रतिरोधक क्षमता के कारण बच्चे तेज बुखार, सर्दी, जुकाम, पेट दर्द, सांस और एलर्जी जैसी समस्याओं से पीड़ित हो रहे हैं।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में बीमार बच्चों को लेकर परिजनों के पहुंचने से मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है। पीआईसीयू और चिल्ड्रेन वार्ड में बेड खाली होते ही तुरंत भर जा रहे हैं और स्थिति यह है कि एक बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है।
मौसम में बदलाव के कारण सुबह और शाम को ठंड महसूस हो रही है जबकि दिन में धूप खिल रही है। वातावरण में नमी और प्रदूषण के चलते वायरस व बैक्टीरिया का प्रकोप बढ़ा है जिससे बच्चों में अस्थमा और एलर्जी की दिक्कतें देखी जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: Yamunotri Dham Snowfall: यमुनोत्री धाम में बदला मौसम का मिजाज, अचानक हुई बर्फबारी
पीडियाट्रिक विभाग की ओपीडी में रोजाना करीब दो सौ मरीज पहुंच रहे हैं और चौबीस घंटे के भीतर लगभग दस से पंद्रह मरीज अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। रविवार को पीआईसीयू और चिल्ड्रेन वार्ड के 35 कुल बेडों पर 53 मरीज भर्ती पाए गए थे।
भर्ती मरीजों में बुखार के 32, सांस के 11, उल्टी के 6, दस्त के 2 और पेट दर्द से पीड़ित 2 मरीज शामिल थे। एक ही बेड पर दो मरीजों के रहने से संक्रमण का खतरा लगातार बना हुआ है और मरीजों को पूरी तरह से ठीक होने में पांच से सात दिन लग रहे हैं।
बाल एवं शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. इकबाल ने बताया कि इस समय फ्लू वायरस, आरएसबी, पैरा इंफ्लुएंजा और डेंगू का प्रकोप चल रहा है।
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में धीरे-धीरे दे रही ठंडक दस्तक, छोटे बच्चों के लिए सतर्क रहने की सलाह
उन्होंने बच्चों को पूरे कपड़े पहनाने, ताजा पौष्टिक भोजन देने, फास्ट फूड से बचने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: गुजरात के चार जिले सूखाग्रस्त घोषित, सीएम भूपेंद्र पटेल का बड़ा ऐलान









