अलनीनो का असर, मौसम ब्रेकिंग (भोपाल): मध्यप्रदेश में बिजली संकट दूर करने के लिए राज्य सरकार अब अपने बांध से पानी देकर गुजरात से बिजली खरीदने जा रही है। अलनीनो की वजह से मध्यप्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य गुजरात के कई जिले सूखे रह गए।
इसे देखते हुए गुजरात सरकार ने रबी सीजन की फसल के लिए मध्यप्रदेश से पानी मांगा है और इसके बदले में मध्यप्रदेश सरकार गुजरात से बिजली खरीदेगी। मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच बिजली-पानी के इस लेन-देन को लेकर मंगलवार को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ.
मोहन यादव से मुलाकात करेंगे।
यह भी पढ़ें: Yamunotri Dham Snowfall: यमुनोत्री धाम में बदला मौसम का मिजाज, अचानक हुई बर्फबारी
अलनीनो की वजह से हुई कम बारिश का असर अब मध्यप्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्य गुजरात में भी दिखाई दे रहा है और गुजरात के करीबन 20 जिलों में पानी की कमी गहराती जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में पानी का सबसे ज्यादा संकट बताया जा रहा है, जहाँ देवभूमि द्वारका जिले में करीबन 73 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
कम बारिश के कारण कई क्षेत्रों में रबी सीजन की खेती के लिए पानी कम पड़ने लगा है, जिसे देखते हुए गुजरात सरकार मध्यप्रदेश से पानी लेने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की शनिवार को टेलीफोन पर चर्चा हो चुकी है और मंगलवार को होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा।
दोनों राज्यों के बीच पूर्व से ही पानी और बिजली की कमी से निपटने को लेकर एग्रीमेंट मौजूद है जिसके तहत औसत से कम बारिश होने पर पहले पेयजल और फिर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता है। अनुबंध के मुताबिक मध्यप्रदेश में हाल ही में पैदा हुई बिजली की कमी को दूर करने के लिए गुजरात प्रतिदिन 57 मेगावॉट से 114 मेगावाट तक की बिजली सप्लाई कर रहा है।
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में धीरे-धीरे दे रही ठंडक दस्तक, छोटे बच्चों के लिए सतर्क रहने की सलाह
मध्यप्रदेश में अलनीनो का असर बारिश पर साफ दिखाई दिया है जहाँ राज्य में सामान्य 949.5 मिलीमीटर के मुकाबले 908.4 मिलीमीटर यानी करीब 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी क्षेत्र में यह कमी 12 फीसदी तक दर्ज की गई है और अलीराजपुर, बड़वानी, धार, देवास, इंदौर सहित कई जिलों में 9 से 51 फीसदी तक कम बारिश हुई है।
यह भी पढ़ें: गुजरात के चार जिले सूखाग्रस्त घोषित, सीएम भूपेंद्र पटेल का बड़ा ऐलान









