हरियाणा वायु प्रदूषण AQI पंचगांव, Mausam Breaking (हरियाणा): दिवाली से पहले हरियाणा के कई शहरों में हवा में धूल और धुएं का असर बढ़ने से सांस लेना मुश्किल होने लगा है। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी की शिकायत है।
गुरुग्राम के पंचगांव में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 391 दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। बहादुरगढ़, जींद, बल्लभगढ़, कैथल, गुरुग्राम और मानेसर में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई।
प्रदेश के 12 अन्य शहरों में AQI 201 से 300 के बीच दर्ज हुआ। गुरुवार को देश के 12 सबसे प्रदूषित शहरों में हरियाणा के 7 शहर शामिल रहे।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सरकारी और निजी कार्यालयों के लिए 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही ऑफिस बुलाने की एडवाइजरी जारी की गई है, जबकि बाकी कर्मचारी घर से काम करेंगे। GRAP के तहत निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है, हालांकि मेट्रो, रेलवे, बस स्टैंड, अस्पताल, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े जरूरी प्रोजेक्ट को छूट दी गई है।
रोहतक में प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर NGT ने 28 कंपनियों और इकाइयों को नोटिस जारी किए हैं। गुरुग्राम में धूल नियंत्रण नियमों का पालन न करने पर 54 चालान काटे गए और 13.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार पराली जलाने की घटनाएं कम होने के बावजूद प्रदूषण बढ़ा है। इसकी प्रमुख वजह ठंड बढ़ना और हवा की रफ्तार धीमी होना बताई गई है, जिससे धूल और धुएं के कण जमीन के नजदीक जमा हो रहे हैं।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक पिछले पांच दिनों से मौसम खुश्क है और हल्की उत्तर-पश्चिमी हवाओं व रात के कम तापमान के कारण नमी के साथ धुआं और धूल मिलकर स्मॉग बना रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा, इस दौरान रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। 14 नवंबर को बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।








