उत्तर भारत मौसम अपडेट, मौसम ब्रेकिंग (नई दिल्ली): अक्टूबर महीने का अंतिम हफ्ता शुरू होते ही उत्तर भारत के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलने लगा है। मैदानी इलाकों में जहां सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 26 और 27 अक्टूबर को किसी भी बड़ी मौसमी चेतावनी का संकेत नहीं है।
हालांकि, 29 और 30 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है और 29 अक्टूबर से भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: Yamunotri Dham Snowfall: यमुनोत्री धाम में बदला मौसम का मिजाज, अचानक हुई बर्फबारी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 अक्टूबर से आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी दिनों में दिन के समय हल्की गर्मी बनी रह सकती है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड महसूस होगी।
उत्तराखंड में फिलहाल राज्य में मौसम शांत रहने के आसार हैं, लेकिन 30 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में 30 अक्टूबर तक कोई विशेष चेतावनी सूचीबद्ध नहीं है, फिर भी ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड मैदानी क्षेत्रों के मुकाबले अधिक महसूस होगी।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 से 30 अक्टूबर के बीच मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहने के बाद कुछ जगहों पर बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है।
यह भी पढ़ें: संतकबीरनगर में धीरे-धीरे दे रही ठंडक दस्तक, छोटे बच्चों के लिए सतर्क रहने की सलाह
यह भी पढ़ें: गुजरात के चार जिले सूखाग्रस्त घोषित, सीएम भूपेंद्र पटेल का बड़ा ऐलान









