6 नवंबर का मौसम दिवाली से पहले 12 राज्यों में बारिश, Mausam Breaking: इस बार दिवाली से पहले कई राज्यों को बारिश भिगो सकती है। चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने के बाद भी कम से कम 12 राज्यों में बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 6 नवंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 12 राज्यों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में वज्रपात और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि व्यापक तौर पर बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना कम ही है।
मौसम विभाग के मुताबिक तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, पुडुचेरी, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा यहां 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश के चलते इन राज्यों में तेजी से तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, मथुरा, कानपुर, हमीरपुर, अयोध्या, झांसी, गोंडा, बहराइच और ललितपुर में हल्की बारिश हो सकती है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।
अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग ने कहा है कि राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रविवार को तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रतिघंटा रह सकती है।
वहीं दिल्ली का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रह सकता है।
बिहार का मौसम
बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, लखीसराय, अरवल, नवादा, गया, कटिहार, भोजपुर और बक्सर में तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना है।
राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
हिमाचल के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई इलाकों में 60 से 65 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड के बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और देहरादून में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी, कुपवाड़ा, पुंछ, मुजफ्फराबाद, उधमपुर, कुलगाम, गांदरबल, कठुआ और डोडा में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
पश्चिम बंगाल का मौसम
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, बांकुड़ा, मालदा, कालिम्पोंग, दुर्गापुर, नादिया, जलपाईगुड़ी, बीरभूम और हुगली में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इसके अलावा 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब के फरीदकोट, अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, बरनाला, संगरूर, मुक्तसर और बठिंडा में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत, पानीपत और करनाल के अलावा अन्य जिलों में तेज हवाएं चलेंगी।
कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।



